राज्य सरकार आमजन से जुड़ी योजनाओं और प्रदेश के इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए त्वरित गति से कार्य कर रही है: मुख्यमंत्री
लखनऊ: 20 दिसम्बर, 2018 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि राज्य सरकार आमजन से जुड़ी योजनाओं और प्रदेश के इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए त्वरित गति से कार्य कर रही है। ऐसा प्रदेश के इतिहास में पहली बार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विकास योजनाओं पर फोकस करते हुए बिना किसी भेदभाव के विकास का लाभ उस तबके तक पहुंचाने का कार्य किया है, जिन्हें वर्षाें तक इनसे वंचित रखा गया था।
मुख्यमंत्री जी ने यह विचार आज विधान सभा में वर्ष 2018-19 की द्वितीय अनुपूरक मांगों पर चर्चा के अवसर पर व्यक्त किये। उन्होंने कहा कि यह मांगें किसी व्यक्ति, जाति, क्षेत्र, मत और मज़हब पर केन्द्रित नहीं है, बल्कि इनका उद्देश्य गांव, गरीब, किसान, नौजवान महिलाओं और समाज के हर तबके का उत्थान करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने लगभग पौने दो वर्ष के कार्यकाल में इसी उद्देश्य से कार्य किया है। उन्होंने ‘स्वच्छ भारत मिशन’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह स्वस्थ भारत मिशन का ही आधार नहीं है, बल्कि यह नारी गरिमा का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में उत्तर प्रदेश ने लम्बी छलांग लगायी है। इस मिशन की शुरुआत में उत्तर प्रदेश में इसकी कवरेज मात्र 23 प्रतिशत थी। आज उत्तर प्रदेश में बेस लाइन सर्वे के अनुसार यह 100 प्रतिशत है। वर्तमान राज्य सरकार द्वारा लगभग 2.49 करोड़ परिवारों को शौचालय देने का कार्य किया गया है। इसके अलावा, बेस लाइन सर्वे से बाहर 44 लाख परिवारों को भी कवर करने की योजना बना ली गयी है।
Comments