राष्ट्रपति ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति की मेजबानी की
राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद ने आज (25 जनवरी, 2019) राष्ट्रपति भवन में, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति श्री मटामेला सिरिल रामफौसा की मेजबानी की। राष्ट्रपति ने उनके सम्मान में एक भोज की भी मेजबानी की।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति की प्रथम राजकीय भारत यात्रा पर उनका स्वागत करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी यह यात्रा एक विशेष समय पर हुई है जब हम महात्मा गांधी की 150वीं जयंती और नेल्सन मंडेला की 100वीं जयंती मना रहे हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि हमारा साझा इतिहास और समान विरासत उनकी भारत यात्रा को और अधिक सार्थक और विशेष बनाती है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका विशेष मित्र हैं। नियमित रूप से उच्च स्तरीय दौरे और आपसी संबंध हमारी साझेदारी को और समृद्ध बनाते हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों देश लोगों-से-लोगों के उत्साहवर्धक संबंधों को भी साझा करते हैं। दक्षिण अफ्रीकी का भारतीय समुदाय हमारे दोनों देशों के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है और हमें इन संबंधो को पोषित करना जारी रखना चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि दक्षिण-दक्षिण सहयोग, आईबीएसए और ब्रिक्स के तहत हमारे युवाओं का आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण सहयोग सबसे मूल्यवान हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमें पारस्परिक रूप से लाभप्रद गतिशील साझेदारी बनाने की दिशा में मिलकर काम करना चाहिए इससे हमारी कंपनियों को न सिर्फ निवेश करने अपितु दो-तरफा पर्यटन को विकसित करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रपति रामफौसा के नेतृत्व में दक्षिण अफ्रीका, भारत-दक्षिण अफ्रीका के द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को और आगे बढ़ाएगा।
राष्ट्रपति कोविंद ने भोज के दौरान अपने संबोधन में कहा कि भारत-दक्षिण अफ्रीका आर्थिक साझेदारी हमारे संबंधों का एक महत्वपूर्ण आधार है। भारतीय उद्योग दक्षिण अफ्रीका की आर्थिक नीतियों और दृष्टिकोण से उत्साहित है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार को आकर्षित करने और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए उल्लेखनीय आर्थिक सुधार किए हैं। उन्होंने मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्वच्छ भारत और स्मार्ट सिटी योजनाओं में भागीदारी के लिए दक्षिण अफ्रीका की कंपनियों को आमंत्रण भी दिया।
Comments