मुख्यमंत्री एवं थल सेनाध्यक्ष की उपस्थिति में रक्षा मंत्री
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने सेना के सभी सेवारत और पूर्व अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन दोहरी खुशी का अवसर है। आज वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए देश में वैक्सीनेशन का कार्य प्रारम्भ हुआ है। साथ ही, आज ही प्रदेश की राजधानी स्थित मध्य कमान में न्यू कमाण्ड हाॅस्पिटल का भूमि पूजन भी किया गया है।
मुख्यमंत्री जी आज यहां न्यू कमाण्ड हाॅस्पिटल के भूमि पूजन के अवसर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी एवं थल सेनाध्यक्ष जनरल एम0एम0 नरवणे की उपस्थिति में रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी ने न्यू कमाण्ड हाॅस्पिटल का भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य की राजधानी में कमाण्ड अस्पताल की मौजूदगी अत्यन्त महत्वपूर्ण है। सैन्य एवं सिविल प्रशासन मिलकर न्यू कमाण्ड हाॅस्पिटल के निर्माण का कार्य आगे बढ़ायेंगे। सिविल प्रशासन द्वारा इस कार्य में पूरा सहयोग किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भारतीय सेना दुनिया में अपने शौर्य और पराक्रम के लिए जानी जाती है। भारत सरकार सेना के अधिकारियों और जवानों को उनके सेवाकाल एवं सेवाकाल के उपरान्त आरोग्य प्रदान करने के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। स्वास्थ्य सेवाएं अत्यन्त महत्वपूर्ण हैं। विगत 10 माह में कोरोना का बेहतर प्रबन्धन, सुदृढ़ चिकित्सा सुविधाओं से ही सम्भव हुआ।
Comments