मुख्यमंत्री ने वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 के बजट के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अधिकारियों को केन्द्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में भारत सरकार को शत-प्रतिशत उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपयोगिता प्रमाण-पत्र को समय पर उपलब्ध कराने से सम्बन्धित योजना के आगामी चरण हेतु केन्द्रांश की धनराशि भारत सरकार से अवमुक्त होगी। केन्द्र सरकार से समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन की अवशेष धनराशि शीघ्र प्राप्त की जाए। इससे प्रदेश में योजनाओं को तेज गति से पूरा करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री जी आज यहां अपने सरकारी आवास पर वर्ष 2020-21 एवं 2021-22 के बजट के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस बैठक में अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री जी के समक्ष वर्तमान बजट वर्ष 2020-21 के अन्तर्गत अब तक जारी स्वीकृतियों एवं व्यय का लेखा-जोखा, भारत सरकार से प्राप्त धनराशि तथा अवशेष धनराशि की प्राप्ति हेतु किए गए प्रयासों और उसके उपयोग की स्थिति का विवरण प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2020-21 समापन की ओर है। चालू वित्तीय वर्ष का अन्तिम त्रैमास प्रारम्भ हो गया है। इसके दृष्टिगत उन्होंने अधिकारियों को विभागीय बजट की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के मंत्रिगण अपने अपर मुख्य सचिवों/प्रमुख सचिवों के साथ बैठक कर विभाग के बजट की स्थिति की समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सम्पूर्ण बजट धनराशि का सदुपयोग करते हुए राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित किया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि समस्त कार्य निर्धारित दिशा-निर्देशों, मानकों एवं वित्तीय नियमों के अनुरूप क्रियान्वित हों। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष 2021-22 का आम बजट तैयार किया जा रहा है। इसके दृष्टिगत प्रदेश सरकार के सभी सम्बन्धित विभाग अपने-अपने प्रस्ताव केन्द्र को शीघ्र प्रेषित करें।

Comments

मुख्य समाचार

योगी आदित्यनाथ के मंत्रिपरिषद के महत्वपूर्ण निर्णय

राज्यपाल से मिले प्रशिक्षु आई0पी0एस0 अधिकारी..

वर्षांत समीक्षा 2018 - मानव संसाधन विकास मंत्रालय