जनजातीय कार्य मंत्रालय ने आभासी माध्यम से प्रवासी श्रमिकों के लिए "श्रमशक्ति" डिजिटल डेटा समाधान का शुभारंभ किया
केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा ने आज गोवा के पंजिम में आयोजित एक कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से “श्रमशक्ति”, जोकि एक राष्ट्रीय प्रवासन सहायता पोर्टल है, का शुभारंभ किया। यह पोर्टल प्रभावी तरीके से प्रवासी श्रमिकों के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों के सुचारू रूप से निर्माण में मदद करेगा। उन्होंने गोवा में एक आदिवासी प्रवासन प्रकोष्ठ, एक आदिवासी संग्रहालय और प्रवासी श्रमिकों के लिए एक प्रशिक्षण पुस्तिका "श्रमसाथी" का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने विभिन्न राज्यों से गोवा में आने वाले प्रवासियों की सुविधा और समर्थन के लिए गोवा में एक समर्पित प्रवासन प्रकोष्ठ का भी शुभारंभ किया।
केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री अर्जुन मुंडा, राज्यमंत्री सुश्री रेणुका सिंह सरुता और जनजातीय कार्य मंत्रालय में सचिव श्री दीपक खांडेकर वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस आभासी कार्यक्रम में शामिल हुए। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद जी सावंत, जनजातीय कल्याण मंत्री श्री गोविंद जी गौडे और श्रम एवं रोजगार मंत्री श्रीमती जेनिफर मॉन्सेरेट गोवा के पंजिम स्थित मुख्यमंत्री निवास से इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। जनजातीय कार्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव डॉ. नवलजीत कपूर ने गोवा राज्य के लिए जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा वित्त पोषित विभिन्न परियोजनाओं का विवरण और इस माइग्रेशन रिपॉजिटरी पोर्टल के बारे में एक प्रस्तुति के जरिए जानकारी दी।
Comments