मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से गन्ना किसानों से संवाद किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि राज्य सरकार गन्ना किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हांेंने कहा कि गन्ना किसानों ने कोरोना कालखण्ड में अपने परिश्रम से देश की जनता के लिए मिठास उत्पन्न करने का कार्य किया है। उन्होंने प्रदेश की अर्थव्यवस्था में गन्ना किसानों के योगदान की सराहना की। उन्होंने गन्ना किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कहा कि जब तक गन्ना खेतों में रहेगा, तब तक चीनी मिलों का संचालन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी आज यहां वर्चुअल माध्यम से गन्ना किसानों के साथ संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस समय देश एक बार फिर कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की चपेट में है। पिछले वर्ष कोरोना संक्रमण के बावजूद गन्ना किसानों के कल्याण व हित को देखते हुए प्रदेश की 119 चीनी मिलों का संचालन सुनिश्चित किया गया। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों और चीनी मिलों ने कोविड-19 के संघर्ष में सराहनीय योगदान दिया है और एक बार फिर उनके सक्रिय योगदान से हम कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को भी परास्त करने में सफल सिद्ध होंगे। कोरोना हारेगा, देश जीतेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2019-20 में गन्ना किसानों से 35,998 करोड़ रुपए का गन्ना खरीदा तथा गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया। इस वर्ष 2020-21 में अब तक चीनी मिलों को दिए गए गन्ना मूल्य का 63 प्रतिशत से अधिक का भुगतान किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक प्रदेश के गन्ना किसानों को लगभग 1,33,100 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। आॅनलाइन पर्ची के वितरण किसानों को लाभ पहुंचा है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। चीनी मिलों तक गन्ने को पहुंचाने में आसानी हो रही है, जिससे संक्रमण को रोकने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों के साथ संवाद बनाते हुए गन्ना किसानों के हित में कार्यवाही की जा रही है।
Comments