पिछले महीने सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 के सक्रिय मामलों में गिरावट का रुख निरंतर जारी
भारत में कोविड-19 के सक्रिय मामलों में गिरावट का रुख निरंतर जारी है। भारत में कुल सक्रिय मामले गिरकर 1.36 लाख (1,36,549) पर आ गए हैं। वर्तमान में भारत की कुल पुष्टि वाले मामलों में से सक्रिय मामले मात्र 1.25 प्रतिशत हैं।
एक अन्य सकारात्मक रुख के तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पिछले महीने कोविड के सक्रिय मामलों में गिरावट दर्ज की गई। महाराष्ट्र में 17 जनवरी 2021 को 53,163 सक्रिय मामलों में पर्याप्त गिरावट देखी गई है और यह 17 फरवरी 2021 को 38,307 मामले रह गए हैं।
पिछले चौबीस घंटों में 18 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में कोई मृत्यु दर्ज नहीं की गई है। इनमें उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, जम्मू और कश्मीर (केंद्रशासित प्रदेश), झारखंड, पुडुचेरी, हिमाचल प्रदेश, लक्षद्वीप, मणिपुर, लद्दाख (केंद्रशासित प्रदेश), असम, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और दमन और दीव एवं दादरा नगर हवेली हैं।
अब तक 1.06 करोड़ (1,06,44,858) से ज्यादा लोग स्वस्थ हुए हैं। पिछले चौबीस घंटों में 11,833 रोगियों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और रिकवरी दर 97.33 प्रतिशत हो गया है। कम नए मामलों के साथ रिकवरी दर में लगातार बढ़ोतरी से सक्रिय मामलों में गिरावट दर्ज की गई है।
Comments