मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली में वाई0पी0ओ0 के दिल्ली चैप्टर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उद्यमियों को सम्बोधित किया

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य के विकास को आज जो तेज गति मिली है, यह बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और सुदृढ़ कानून व्यवस्था का ही परिणाम है। आज उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी बहुत बेहतर हुयी है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तेजी से काम चल रहा है और अगस्त 2020 तक इसका कार्य पूरा होने की सम्भावना है। इसके अलावा, बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे पर भी जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य की आर्थिक विकास की गति को और तेज करने के लिए आई0आई0एम0 के विशेषज्ञों की भी सहायता ले रही है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री जी ने अपनी टीम के साथ आई0आई0एम0 के विशेषज्ञों के साथ इन्हीं मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उसको देखते हुए प्रदेश वर्ष 2024 तक 01 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में कड़े कदम उठाए हैं। आज प्रदेश के अपराधियों और भ्रष्टाचारियों में कानून का जो डर है, उसकी वजह से उद्यमियों को काफी राहत है और वह अपने निवेश को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि उद्यमी सरकार से उनके निवेश की सुरक्षा के लिए बेहतर कानून व्यवस्था की अपेक्षा करते हैं। राज्य सरकार द्वारा कानून व्यवस्था से सम्बन्धित उद्यमियों की अपेक्षाओं को पूरा करने का हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की कनेक्टिविटी बढ़ाने पर तेजी से काम कर रही है। उत्तर प्रदेश में मार्च 2017 में सिर्फ 02 शहरों में एयरपोर्ट थे। आज इनकी संख्या बढ़कर 06 हो चुकी है। इसके अलावा, 11 नए एयरपोर्ट के निर्माण पर काम चल रहा है। मेट्रो रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कई जिलों में काम चल रहा है। राज्य सरकार हर जनपद मुख्यालय को फोर लेन राजमार्ग से जोड़ने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है। इसके अलावा, ईस्टर्न और वेस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर दादरी के पास मिलते हैं, जिसके पास प्रदेश सरकार एक लाॅजिस्टिक्स पार्क बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस साल राज्य सरकार ने प्रदेश में तीन सफल आयोजन किए हैं। प्रयागराज में कुम्भ-2019 का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किया। प्रयागराज कुम्भ का सफल आयोजन हमारे लिए उपलब्धि है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में इस बार कुम्भ में टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया गया और इसे वैश्विक स्तर पर सफल बनाया। 15वें प्रवासी भारतीय सम्मेलन का भी वाराणसी में सफल आयोजन सम्पन्न हुआ। इसके अलावा, इसी वर्ष लोकसभा चुनाव में 1.63 लाख बूथों पर चुनाव सम्पन्न कराया और कहीं भी कोई भी हिंसा की घटना नहीं हुई। यूपी में पहले चुनौतियां ज्यादा थी। राज्य सरकार के प्रयासों से आज उत्तर प्रदेश को नई पहचान मिली है। हमने चुनौतियों को सफलता में बदला दिया है। क्राइम के मुद्दे पर जीरो टॉरलेंस नीति का नतीजा है कि आज सबसे अच्छी कानून व्यवस्था की स्थिति उत्तर प्रदेश की है। उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जिस प्रकार आज भारत दुनिया में निवेश का गंतव्य है, उसी प्रकार देश के अन्दर उत्तर प्रदेश निवेश का सबसे पहला गंतव्य है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 21 सेक्टरों में निवेश के लिए पॉलिसी बनायी है। केन्द्रीय वित्त मंत्रालय की पहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को 05 ट्रिलियन और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 01 ट्रिलियन बनाने में सफलता मिलेगी। पूरे एशिया में सबसे कम टैक्स रेट होने से यहां के उद्यमी अपना माल आसानी से निर्यात कर सकेंगे। आज प्रदेश ने निर्यात के मामले में काफी बढ़त दर्ज की है।
Comments